जियाउर रहमान के बहनोई पर रेप का आरोप: संभल से समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर रहमान के बहनोई डॉक्टर जायद वारसी पर एक नर्स ने रेप के आरोप लगाए हैं।
पीड़िता नर्स ने पुलिस को बताया कि आरोपी डॉक्टर जायद वारसी ने उसके साथ तीन साल तक रेप किया।
इसके साथ ही, ब्लैकमेलिंग और जबरन गर्भपात कराने का मामला दर्ज कराया है।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर डॉक्टर जायद वारसी और उनके पिता मुहम्मद असलम के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोपी डॉक्टर ने दी नशीली दवा
पीड़िता मुरादाबाद जिले के कुंदरकी क्षेत्र की रहने वाली हैं, दिसंबर 2022 में संभल के बिस्मिल्लाह अस्पताल में नर्स की नौकरी शुरू की थी।
आरोपी डॉक्टर जायद वारसी ने अस्पताल में ही उन्हें रहने के लिए एक कमरा दिया था।
पीड़िता का आरोप है कि 15 दिसंबर 2022 को बीमार होने पर डॉक्टर ने उन्हें नशीली दवा दी, जिससे वे बेहोश हो गईं।
इसी दौरान डॉक्टर ने उनके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए और बाद में इन्हें दिखाकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
कई शहरों में ले जाकर किया रेप
पीड़िता का कहना है कि डॉक्टर वारसी ने धमकी देकर कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। गर्भवती होने पर जबरन गर्भपात भी कराया गया।
आरोप है कि डॉक्टर जायद नैनीताल, हल्द्वानी, बरेली और रामपुर जैसे शहरों में ले जाकर यौन शोषण करता रहा।
तंग आकर पीड़िता ने अगस्त 2024 में नौकरी छोड़ दी और मुरादाबाद में काम शुरू कर दिया, लेकिन आरोपी डॉक्टर ने पीड़िता को लगातार ब्लैकमेल कर उसका रेप करता रहा।
आखिरकार परेशान होकर पीड़िता ने अपनी मां को पूरी बात बताई। जब वे अस्पताल पहुंचीं तो आरोपियों ने उनके साथ बदसलूकी की।
इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

