Tuesday, April 7, 2026

Rajasthan: हरियाणा में भाजपा की हैट्रिक, भजनलाल ने जलेबी बनाकर कांग्रेस पर कसा तंज

BJP’s hat-trick celebration in Haryana: हरियाणा में भाजपा ने मंगलवार को जीत की हैट्रिक लगाई। इस जीत का जश्न प्रदेश भाजपा मुख्यालय में भी मनाया गया। खास बात यह रही कि इस जश्न में खुद मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा शरीक हुए और उन्होंने जलेबी बना कर कांग्रेस पर तंज कसा। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ भी मौजूद थे। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने जमकर आतिशबाजी की। मीडिया कर्मियों से बातचीत में मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि हम हरियाणा में तीसरी बार सरकार बनाएंगे। जो लोग आलू से सोना और जलेबी बनाने की बात कर रहे थे उन्हें हरियाणा की जनता ने मुंहतोड़ जबाब दिया। ऐसे में अब उन्हें अपना जनरल नॉलेज बढ़ाने की जरूरत है।

भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत रंग लाई : शर्मा

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश में लूट और झूठ का सहारा लेकर चुनाव जीतना चाहती है। कांग्रेसी नेताओं ने चुनावों के साथ जनता के बीच अफवाहें फैलाई, लेकिन मतदाताओं ने कांग्रेस और उसके सहयोगियों को जवाब देने का काम किया। सीएम शर्मा ने कहा कि हरियाणा के प्रभारी सतीश पूनिया और राजस्थान से प्रवास पर गए हमारे कार्यकर्ताओं की मेहतन रंग लाई। राजस्थान से जाने वाले कार्यकर्ताओं ने दिन रात जमीनी स्तर पर मेहनत की। उसका परिणाम भाजपा की सरकार का रिपीट होना है।

विधानसभा उप चुनाव में भी होगी हमारी जीत

भजन लाल शर्मा ने कहा कि हरियाणा ही नहीं बल्कि भाजपा राजस्थान में होने वाले विधानसभा उप चुनावों में भी सभी सीटों पर जीत दर्ज करेगी।  ऐसे में राजस्थान को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि एक तरफ ऐसा नेतृत्व है जो कभी आलू से सोना बनाता है तो कभी फैक्ट्री से जलेबी। ऐसे में राहुल गांधी को अपना जनरल नॉलेज बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में राजस्थान से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे थे। उन्होंने वहां बहुत मेहनत की। उसी का परिणाम है कि हरियाणा में भाजपा की सरकार ने हैट्रिक लगाई।

विकास के नए आयाम होंगे स्थापित

प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। देश में ही नहीं, बल्कि पीएम मोदी ने वैश्विक पटल पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाई है। ऐसे में हरियाणा की जनता ने देशहित और विकसित हरियाणा के लिए भाजपा सरकार की हैट्रिक लगवाई। कांग्रेस ने एक बार फिर चुनावों में भ्रम फैलाने का काम किया, लेकिन हरियाणा की जनता ने कांग्रेस को सिरे से नकार दिया। कांग्रेस ने हरियाणा में सारे हथकंडे अपनाते हुए चुनाव जीतने का माहौल बनाया, किंतु हरियाणा की जनता ने मोदी पर विश्वास जताया। एक ओर कांग्रेसी नेता कहते हैं भाजपा आरक्षण समाप्त कर देगी, वहीं दूसरी ओर राहुल गांधी विदेश में जाकर यह कहते हैं कि सत्ता में आएंगे तो हम आरक्षण समाप्त करेंगे। देशवासी कांग्रेसी नेताओं की हकीकत समझ गए और हरियाणा चुनाव में कांग्रेस को सबक सिखाने का काम किया।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now
- Advertisement -
- Advertisement -

Latest article