Wednesday, March 11, 2026

Odisha: मोहन माझी होंगे ओडिशा के नए सीएम, भाजपा विधायक दल की बैठक में बनी सहमति

Mohan Majhi Odisha CM: मोहन चरण माझी ओडिशा के नए मुख्यमंत्री होंगे। भाजपा विधायक दल की बैठक में मोहन चरण माझी के नाम पर सहमति बनने के बाद रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भुवनेश्वर में उनके नाम का ऐलान किया। ओडिशा की भाजपा सरकार में 2 उप-मुख्यमंत्री भी होंगे। उप-मुख्यमंत्री के तौर पर पहली बार विधायक बनीं प्रवती परिदा और 6 बार के विधायक केवी सिंह देव के नाम पर मुहर लगी है। भाजपा विधायक दल की बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव पर्यवेक्षक के रूप में शामिल हुए।

आदिवासी समुदाय से हैं मोहन माझी

ओडिशा के नए मुख्यमंत्री बनने वाले मोहन माझी चार बार के विधायक हैं और आदिवासी समुदाय से आते हैं। मोहन माझी हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में क्योंझर सीट से चुने गए हैं। उन्होंने बीजेडी की मीना माझी को 11,577 वोटों के से हराया था। एक मजबूत आदिवासी चेहरा माझी अपनी सार्वजनिक सेवा और संगठनात्मक कौशल के लिए जाने जाते हैं।

राज्यपाल ने सरकार बनाने के लिए किया आमंत्रित

ओडिशा के मुख्यमंत्री पद के लिए चुने जाने के बाद मोहन चरण माझी और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ओडिशा के राजभवन गए और राज्यपाल रघुबर दास से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। इसके बाद राज्यपाल ने मोहन चरण माझी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है।

चुनाव में भाजपा को मिली थीं 78 सीटें

गौरतलब है कि ओडिशा में हुए विधानसभा चुनाव में बीजू जनता दल (बीजेडी) की हार हुई है, जिसके बाद नवीन पटनायक ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। नवीन पटनायक 24 साल से मुख्यमंत्री थे। भाजपा ने 147 सदस्यीय विधानसभा में 78 सीट जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है, जबकि बीजेडी को 51 और कांग्रेस को महज 14 सीटों पर जीत मिली।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now
- Advertisement -
- Advertisement -

Latest article