Friday, March 13, 2026

Jaipur: देश के विरुद्ध बोलने वालों के खिलाफ आवाज बुलंद करें : उप राष्ट्रपति

Vice President targets national opponents: उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शनिवार को राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक निजी यूनिवर्सिटी के कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने यूनिवर्सिटी की छात्राओं के साथ ‘विकसित भारत 2047 में महिलाओं और शिक्षा की भूमिका’ पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने शिक्षा के महत्व, महिला सशक्तिकरण और विकसित भारत की दिशा में बढ़ने के लिए आवश्यक कदमों पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने देश विरोधी ताकतों पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग देश के खिलाफ बोलते हैं, उनके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।

शिक्षा के बिना नहीं हो सकता बदलाव

उप राष्ट्रपति ने कहा कि हमारे देश को विकसित भारत बनने के सामने कई चुनौतियां हैं। शिक्षा के बिना बदलाव नहीं हो सकता। खासकर विकसित भारत का सपना पूरा करने के लिए महिला शिक्षा और महिलाओं को और सशक्त बनाना काफी जरूरी है। उन्होंने नेशनल एजुकेशन पॉलिसी में स्किल एजुकेशन पर जोर देने की बात कही, जिससे युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें। महिला शिक्षा पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि विकसित भारत महिला शिक्षा के बगैर संभव नहीं।

सफलता के लिए प्रयास करें, फेलियर से न डरें

उप राष्ट्रपति धनखड़ ने छात्राओं से चर्चा करते हुए कहा कि सफलता के लिए हमें बार-बार प्रयास करते रहना चाहिए और फेलियर से नहीं डरना चाहिए। इसके साथ ही जो लोग देश के खिलाफ आवाज उठाते हैं, उनका डटकर सामना करना चाहिए। उनके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। भारत देश की संस्कृति 5 हजार साल पुरानी है और इस संस्कृति को आगे बढ़ाना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब इसमें युवाओं और खासकर महिलाओं की भागीदारी होगी।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now
- Advertisement -
- Advertisement -

Latest article