India’s air strike: पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर भारत की एयर स्ट्राइक के बाद जम्मू-कश्मीर में 3 और पंजाब में एक फाइटर जेट गिरने की खबरें सामने आई हैं। एक घटना पुलवामा के पंपोर की है। दूसरी अखनूर और तीसरी रामबन की बताई जा रही है। चौथी घटना बठिंडा की है।
पंपोर में जेट क्रैश होते देखने वालों से बताया कि रात करीब डेढ़ बजे एक फाइटर जेट गिरा है। एक घंटे तक हमने धमाके की आवाज सुनी। फाइटर जेट किसका है, ये पता नहीं चला है। इंडियन एयरफोर्स के रिटायर्ड अफसरों के अनुसार जो जेट गिरा है वह पाकिस्तानी फाइटर जेट JF-17 हो सकता है। उन्होंने कहा कि इसके रंग से भी पता चल रहा है कि ये भारतीय नहीं है। वहीं अखनूर में फाइटर जेट गिरने के विजुअल सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि ये पाकिस्तानी एयरफोर्स का J-17 फाइटर जेट है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। रामबन से सिर्फ लड़ाकू विमान गिरने की खबर है। इससे जुड़ी जानकारी या विजुअल सामने नहीं आए हैं, न ही इसकी पुष्टि हो पाई है।
पहली जगह: पुलवामा, कश्मीर
पाकिस्तान में एयर स्ट्राइक के दौरान रात करीब डेढ़ बजे यहां एक फाइटर जेट गिरा। मौके पर पहुंच भास्कर रिपोर्टर ने आसपास के कुछ गांववालों से बात की। गांववालों ने बताया, ‘हम उधर ही रहते हैं। धमाके के बाद आर्मी वाले आए और बोले इधर से निकलो। ये करीब डेढ़ बजे हुआ। 5 बजे फौजी आए, बोले कि दरवाजा बंद करो और भाग जाओ।’ ‘पता ही नहीं चला क्या हुआ है। बहुत धमाके हुए। आप देखोगे कि इंसान कांप जाएगा। तभी फायर बिग्रेड की गाड़ी आ गई। तब भी बम फट रहे थे। हालांकि आसपास किसी को नुकसान नहीं हुआ है।
दूसरी जगह: अखनूर, जम्मू
एक फाइटर जेट गिरने की खबर जम्मू के अखनूर से आई है। यहां के विजुअल सामने आए हैं। वीडियो देर रात का है। इसमें एक विमान जलते हुए गिरता दिख रहा है। इसके बाद धमाके की तेज आवाज होती है।
तीसरी जगह: बठिंडा, पंजाब
बुधवार तड़के बठिंडा जिले में एक विमान क्रैश हो गया। यह घटना गोनियाना मंडी के पास गांव आकड़िया कलां में हुई। इसमें एक शख्स की मौत हो गई और 9 घायल हो गए। मरने वाला शख्स हरियाणा के चरखी दादरी का गोविंद है। घटना सुबह करीब 2 बजे हुई। विमान गेहूं के खेतों में जा गिरा, जो आबादी वाले इलाके से करीब 500 मीटर दूर है। ये विमान कौन सा है, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। पायलट के बारे में भी पता नहीं चला है।