असम चुनाव
असम विधानसभा चुनाव से महज चार दिन पहले कॉन्ग्रेस ने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिंकी भुइयां सरमा पर कई गंभीर आरोप लगाए। पार्टी ने दावा किया कि उनके पास तीन विदेशी देशों के पासपोर्ट हैं, दुबई में संपत्ति है और अमेरिका में कंपनी पंजीकृत है।
सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने सोमवार 06 अप्रैल 2026 को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इन सभी आरोपों का खंडन किया। उन्होंने दावा किया कि आगामी असम चुनाव में पाकिस्तान सक्रिय रूप से कॉन्ग्रेस का समर्थन कर रहा है और इस पूरे षड्यंत्र में पाकिस्तानी सोशल मीडिया ग्रुप की सीधी भूमिका है।
पवन खेड़ा की प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या आरोप लगाए गए
कॉन्ग्रेस नेता पवन खेड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीएम सरमा की पत्नी पर आरोप लगाया कि उनके पास एक साथ तीन सक्रिय पासपोर्ट हैं। पहला UAE का गोल्डन कार्ड है जो 2027 तक वैध है, दूसरा एंटीगुआ बारबोडा का है जो 2031 में समाप्त होगा और तीसरा इजिप्ट का पासपोर्ट है।
खेड़ा ने सवाल उठाया कि देश में कोई भी अन्य राजनेता ऐसा नहीं है जिसके पास तीन अलग-अलग देशों के पासपोर्ट हों। उन्होंने कहा कि यह स्थिति किसी आपराधिक प्रवृत्ति की ओर इशारा करती है और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को इस मामले की जाँच करानी चाहिए।
खेड़ा ने यह भी दावा किया कि रिंकी भुइयां सरमा भारत की वैध नागरिक नहीं हैं। उन्होंने यह तक कहा कि सरमा परिवार चुनाव में हार की स्थिति में देश छोड़कर जाने की तैयारी में है, जिसके लिए यह विदेशी पासपोर्ट काम आएंगे।
सीएम हिमंता और पत्नी का जवाब
सीएम हिमंता बिस्वा सरमा और उनकी पत्नी रिंकी भुइयां सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लगातार पोस्ट कर कॉन्ग्रेस के इन आरोपों का जवाब दिया। दोनों ने कहा कि यह AI और फोटोशॉप तकनीक के जरिए तैयार किया गया भ्रामक अभियान है जिससे जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है।
दंपति ने यह भी स्पष्ट किया कि पवन खेड़ा और उनके सहयोगियों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। सीएम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस तरह के मामलों में भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 468 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाती है।
पाकिस्तान से कनेक्शन का खुलासा
सीएम हिमंता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जाँच के दौरान यह सामने आया कि पवन खेड़ा की प्रेस कॉन्फ्रेंस का पूरा मैटेरियल एक पाकिस्तानी सोशल मीडिया ग्रुप ने तैयार करके उपलब्ध कराया था। उसी ग्रुप ने रिंकी के नाम पर फर्जी पासपोर्ट के दस्तावेज भी मुहैया कराए।
सीएम ने बताया कि पिछले 10 दिनों के भीतर पाकिस्तान के एक चैनल ने असम विधानसभा चुनाव को लेकर कम से कम 11 टॉक शो प्रसारित किए हैं। उन्होंने कहा कि असम चुनाव के इतिहास में पाकिस्तानी मीडिया की यह रुचि पहले कभी देखने को नहीं मिली थी और हर टॉक शो का मकसद कॉन्ग्रेस को जिताना रहा।
अमेरिकी कंपनी और फर्जी दस्तावेजों का मामला
सीएम हिमंता ने अपनी पत्नी के नाम पर अमेरिका में दर्ज कंपनी के दावे का भी खंडन किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अमेरिका में मात्र 199 डॉलर में कोई भी व्यक्ति किसी के नाम पर कंपनी रजिस्टर करा सकता है और यही काम कॉन्ग्रेस ने किया है।
सीएम ने कहा कि पाकिस्तानी सोशल मीडिया ग्रुप ने पवन खेड़ा को रिंकी सरमा के नाम पर बने फर्जी पासपोर्ट के दस्तावेज उपलब्ध कराए और खेड़ा ने बिना जाँचे उसी आधार पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी। सरमा ने कहा कि इस पूरे प्रकरण से पाकिस्तान और कॉन्ग्रेस के बीच का संबंध अब पहले से कहीं अधिक स्पष्ट हो गया है।

