Wednesday, February 11, 2026

Haryana Elections: राहुल गांधी बताएं देश विरोधी लोगों से उनका क्या है रिश्ता: भजन लाल शर्मा

CM Bhajan Lal’s election meeting in Haryana: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी दुनिया में देश को शर्मसार करने का कोई मौका नहीं छोड़ते और तो और वह उन लोगों के साथ खड़े होते हैं, जो देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त हैं। राहुल गांधी यह बताएं कि उनका देश विरोधियों से क्या रिश्ता है। कांग्रेस का असली चरित्र यही है। इनका राष्ट्रहित से कोई सरोकार नहीं है। मुख्यमंत्री शर्मा हरियाणा विधानसभा चुनाव प्रचार के तहत गुरुवार को समालखा विधानसभा सीट के प्रत्याशी मनमोहन भडाना के समर्थन में समालखा में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

पीएम मोदी दुनिया के सबसे पावरफुल नेता

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह हाल ही में जापान और दक्षिणी कोरिया के दौरे पर गए थे। तब उन्होंने लोगों में पीएम नरेंद्र मोदी के प्रति अथाह प्रेम तथा सम्मान का भाव देखा। पीएम मोदी विश्व के सबसे पावरफुल नेता हैं। मोदी 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र के तौर पर देखना चाहते हैं और हम सभी के सहयोग से इस सपने को साकार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने किसान सम्मान निधि से किसानों को आर्थिक संबल तथा ‘वन रैंक वन पेंशन’ देकर सैनिकों को सम्मान दिया है। उनके अभूतपूर्व नेतृत्व में देश में गरीब का कल्याण हुआ है। विकास योजनाएं बनी हैं। सीमा सुरक्षा सुदृढ़ हुई है। साथ ही विश्व में भारत का मान-सम्मान बढ़ा है।

सीएम सैनी के नेतृत्व में बही विकास की बयार

भजन लाल ने कहा कि हरियाणा में पिछले 10 वर्षों में पारदर्शी तरीके से परीक्षाएं आयोजित हो रही हैं। सीएम नायब सैनी किसानों व मजदूरों के दर्द को समझते हैं। हरियाणा में जब एमएसपी पर बाजरा खरीदा जा रहा था, तब राजस्थान के किसान राज्य में भी एमएसपी खरीद के लिए आंदोलन कर रहे थे। यही कारण रहा कि राजस्थान में किसानों को बाजरे का 1200 रुपये मिले और हरियाणा में 2200 रुपये। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों का उत्साह यह बता रहा है कि जनता ने हरियाणा में भाजपा को जिताकर हैट्रिक लगाने का फैसला कर लिया है।

कांग्रेस से बड़ी झूठी, भ्रष्ट और बेईमान कोई पार्टी नहीं

भजन लाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस से बड़ी झूठी, भ्रष्ट और बेईमान कोई पार्टी नहीं है। कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है। कांग्रेस की शुरू से ही यह आदत रही है कि चुनाव जीतने के लिए उसके नेता लोगों से तरह-तरह के झूठे वादे करते हैं तथा देश में अराजकता का माहौल पैदा करते हैं। हकीकत में कांग्रेस का किसान, मजदूर, महिला, युवा किसी के भी हितों से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन काल में हुए 1984 के दंगों में सिक्खों के साथ क्या हुआ, यह पूरा देश जानता है। देश ने कांग्रेस द्वारा लगाई गई आपातकाल की स्थितियां भी झेली हैं।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now
- Advertisement -
- Advertisement -

Latest article