Friday, March 6, 2026

गाजियाबाद एनकाउंटर: सलीम वास्तिक का हमलावर जीशान पुलिस मुठभेड़ में ढेर, CM योगी ने अपनाई जीरो टॉलरेंस नीति

गाजियाबाद एनकाउंटर: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। लोनी में एक्स-मुस्लिम यूट्यूबर सलीम वास्तिक (Sleem Vastik) पर जानलेवा हमला करने वाले मुख्य आरोपी जीशान (Jishan) को यूपी पुलिस ने एक भीषण मुठभेड़ में ढेर कर दिया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त रुख और जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

दो हमलावरों ने किया था सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमला

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 27 फरवरी 2026 की सुबह गाजियाबाद के लोनी इलाके में सनसनी फैल गई थी, जब बाइक सवार दो हमलावरों ने यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए।

चश्मदीदों के मुताबिक, हमलावरों ने सलीम के गले और पेट पर कई वार किए, जिससे वे खून से लथपथ होकर गिर पड़े।

वर्तमान में सलीम दिल्ली के जीटीबी (GTB) अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और वे जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।

पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़

एडिशनल डीसीपी क्राइम पीयूष सिंह के नेतृत्व में लोनी पुलिस और देहात स्वाट टीम ने शनिवार तड़के संदिग्धों की घेराबंदी की।

पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में 1 लाख रुपये का इनामी बदमाश जीशान (निवासी अमरोहा) घायल हो गया।

उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि यह मुठभेड़ करीब 10 मिनट तक चली, जिसमें बदमाश की ओर से 10 राउंड फायरिंग की गई।

पुलिस टीम पर भी हुई थी फायरिंग

इस मुठभेड़ के दौरान यूपी पुलिस के जांबाज अधिकारियों ने अपनी जान की बाजी लगा दी। फायरिंग के दौरान लोनी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी, जिससे उनकी जान बच गई।

हालांकि, इस ऑपरेशन में दो कॉन्स्टेबल विपिन कुमार और सचिन कुमार घायल हुए हैं, जिनके हाथ और बाजू में गोली लगी है।

पुलिस ने घटनास्थल से एक मेड इन इटली पिस्टल, कारतूस, एक मोटरसाइकिल और सलीम पर हमले में इस्तेमाल किया गया धारदार पेपर कटर बरामद किया है।

CCTV कैमरों की मदद से मिला सुराग

सलीम वास्तिक पर हमले के बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए 10 विशेष टीमें गठित की थीं। जांच के दौरान पुलिस ने लोनी बॉर्डर और दिल्ली के रास्तों पर लगे 100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।

फुटेज में जीशान को कुर्ता-पजामा पहने हुए बाइक पर पीछे बैठे देखा गया था। पुलिस के अनुसार, हमलावर दिल्ली के रास्ते लोनी में दाखिल हुए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद उसी रास्ते से फरार हो गए थे।

CM योगी बोले, अराजकता के लिए यूपी में जगह नहीं

इस घटना पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस प्रशासन को अपराधियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उत्तर प्रदेश में आतंक या अराजकता फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जीशान के एनकाउंटर के बाद यह संदेश साफ हो गया है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यूपी पुलिस का ऑपरेशन क्लीन जारी रहेगा।

यह भी पढ़ें: गाजियाबाद: Ex-Muslim सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमला, सुधार की आवाज़ उठाई तो अपनों ने ही बहाया खून

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now
- Advertisement -
- Advertisement -

Latest article