Thursday, February 12, 2026

Cloud Burst: थराली में बादल फटने से भारी तबाही, सीएम ने हादसे पर जताया दुख

Cloud Burst: उत्तराखंड के चमोली जिले में थराली तहसील के अंतर्गत देर रात बादल फटने की घटना सामने आई है। यह घटना रात लगभग एक बजे हुई, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

अचानक हुए इस हादसे में भारी मलबा आने से कई घर प्रभावित हुए हैं और जनहानि की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दो लोग लापता बताए जा रहे हैं,

जिनमें एक 20 वर्षीय युवती और एक बुजुर्ग शामिल हैं। दोनों के मलबे में दबे होने की आशंका है और उनकी तलाश की जा रही है।

Cloud Burst: बादल फटने से भारी नुकसान

चमोली के जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि थराली में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। एसडीएम आवास समेत कई मकान मलबे में दब गए हैं। यहां तक कि एसडीएम आवास में करीब चार फीट तक मलबा भर गया है।

एडीएम विवेक प्रकाश ने पुष्टि की है कि हादसे से क्षेत्र में बड़े पैमाने पर क्षति हुई है और राहत-बचाव कार्य तेज़ी से चल रहा है।

स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। चमोली पुलिस ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए रात में ही थाना थराली पुलिस ने सक्रियता दिखाई और

स्थानीय लोगों को सतर्क करते हुए प्रभावित घरों से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। इस दौरान कई परिवारों को बड़े नुकसान से बचा लिया गया।

जिला प्रशासन ने लिया हालात का जायजा

उत्तराखंड आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि बादल फटने से थराली बाज़ार और घरों में मलबा घुस गया है। एसडीएम आवास भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

राहत एवं बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ की टीम मौके पर भेज दी गई है। जिला प्रशासन भी लगातार घटनास्थल पर मौजूद रहकर हालात का जायज़ा ले रहा है।

धामी ने जताया दुख

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है और आपदा प्रबंधन टीम को तुरंत राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

सीएम धामी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि वे लगातार स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हैं और खुद हालात की गहन निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने सभी के सुरक्षित होने की प्रार्थना करते हुए कहा कि सरकार प्रभावितों के साथ खड़ी है।

चमोली में इस प्राकृतिक आपदा से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारी बारिश और मलबे के चलते हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं।

प्रशासन और आपदा प्रबंधन दल लगातार राहत कार्यों में जुटे हैं और उम्मीद जताई जा रही है कि लापता लोगों को जल्द ही ढूंढ निकाला जाएगा।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now
Madhuri
Madhurihttps://reportbharathindi.com/
पत्रकारिता में 6 वर्षों का अनुभव है। पिछले 3 वर्षों से Report Bharat से जुड़ी हुई हैं। इससे पहले Raftaar Media में कंटेंट राइटर और वॉइस ओवर आर्टिस्ट के रूप में कार्य किया। Daily Hunt के साथ रिपोर्टर रहीं और ETV Bharat में एक वर्ष तक कंटेंट एडिटर के तौर पर काम किया। लाइफस्टाइल, इंटरनेशनल और एंटरटेनमेंट न्यूज पर मजबूत पकड़ है।
- Advertisement -
- Advertisement -

Latest article