Tuesday, January 13, 2026

Agra News: सांगा पर ‘संग्राम’, गद्दार बताने वाले सपा सांसद के घर करणी सेना का हमला; जानें पूरा घटनाक्रम

Agra News: महाराणा सांगा को गद्दार कहने वाले समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद रामजी लाल सुमन के आगरा स्थित घर पर बुधवार को करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया। एक हजार से ज्यादा कार्यकर्ता बुलडोजर लेकर सांसद के आवास पर पहुंच गए और वहां जमकर तोड़फोड़ व पथराव किया। झड़प में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने सांसद के घर के बाहर खड़ी 10 से ज्यादा गाड़ियों में तोड़फोड़ की। 40 से 50 कुर्सियां तोड़ डालीं। मेन गेट तोड़कर घर के अंदर घुसने की भी कोशिश की। 14 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। बवाल के वक्त सांसद रामजीलाल सुमन दिल्ली में थे। जिस समय उनके घर हमला हुआ, वहां से एक किमी दूरी पर सीएम योगी का कार्यक्रम चल रहा था।

एक्सप्रेस-वे से शहर में घुसे, बैरिकेडिंग तोड़ी

Agra News: सपा सांसद सुमन के घर तक जाने के लिए करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी। कार्यकर्ता जयश्री राम का नारा लगा रहे थे। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रास्ते में रोकने की कोशिश की, लेकिन वे एक्सप्रेस-वे से शहर के अंदर घुस गए। इधर, सुरक्षा को देखते हुए सपा सांसद की सोसाइटी के दोनों गेट बंद करा दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि कोई भी घर से बाहर नहीं निकलेगा।

करणी सेना और सपा कार्यकर्ता भिड़े

Agra News: करणी सेना के कार्यकर्ताओं के हंगामे को रोकने के लिए समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता भी सांसद के घर पहुंच गए। उनकी करणी सेना के कार्यकर्ताओं से झड़प हुई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने लाठीचार्ज शुरू कर दिया। हालांकि फिर भी हालात संभाल नहीं पाए। कई थानों की फोर्स पहुंची, तब जाकर पुलिस कार्यकर्ताओं को खदेड़ पाई।

राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरू सिंह का पैर टूटा

Agra News: करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरू सिंह ने एक्स पर लिखा, राणा सांगा जी के सम्मान में आज आगरा में इतिहास लिखा गया। पुलिस ने लाठीचार्ज की, मेरा पैर टूट गया है। वहीं, करणी सेना युवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओकेंद्र राणा ने एक वीडियो जारी किया। उन्होंने कहा- सांसद रामजीलाल सुमन ने क्षत्रिय समाज के महापुरुष के खिलाफ ओछी बात कही है। हमारे महापुरुष और पूर्वजों को कोई भी गाली दे जाता है। सांसद के आवास की हर ईंट पर राणा सांगा लिखना है। इस बार हम माफ नहीं करेंगे।

पाली में रैली निकाली, पुतला फूंका

Agra News: इधर, राजपूत समाज और सनातन धर्म के संगठनों ने पाली में प्रदर्शन किया और जुलूस निकाल कर एडीएम शैलेंद्र सिंह चारण को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। लोगों ने सपा सांसद रामजी लाल सुमन का पुतला फूंका। ज्ञापन में कहा गया कि संसद सत्र के दौरान एसपी सांसद ने मेवाड़ रियासत के महान शासक महाराणा सांगा के खिलाफ अनर्गल टिप्पणी की।

महाराणा सांगा भारत के इतिहास में एक महान राष्ट्रभक्त और वीर शासक थे, जिन्होंने विदेशी आक्रमणकारियों से लोहा लिया। संगठनों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे पूरे भारत में आंदोलन करेंगे।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now
- Advertisement -
- Advertisement -

Latest article