Wednesday, January 28, 2026

Shiv Khori: शिवखोड़ी से लौट रही बस पर आतंकी हमला, 200 फीट गहरी खाई में गिरी

 

Shiv Khori: जम्मू कश्मीर से एक आतंकी हमला सामने आ रहा है। जिसमें शिव धाम शिवखोड़ी से दर्शन कर लौट रहे यात्रियों पर आतंकवादियों ने हमला कर दिया है और बस गहरी खाई में जा गिरी। बस में 42 यात्री सवार थे। इस घटना में बच्चे समेत 9 लोगों की मौत हो गई है। जबकि 33 से ज्यादा लोग घायल हो गए। सभी श्रद्धालु उत्तर प्रदेश, दिल्ली व राजस्थान के बताए जा रहे हैं। घटना में 6-7 यात्रियों को गोलियां लगी हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Shiv Khori: अमरनाथ यात्रा से 20 दिन पहले हुआ हमला

बता दें कि घटना रविवार शाम 6 बजे की है। एसएसपी रियासी मोहिता शर्मा ने नौ यात्रियों के मारे जाने व 33 के घायल होने की पुष्टि की है। यह घटना अमरनाथ यात्रा से ठीक 20 दिन पहले हुई है। यात्रियों से भरी बस (जेके 02 एई 3485) Shiv Khori से कटरा लौट रही थी। बस में 42 यात्री सवार थे। सभी यात्रियों को लेकर बस सुबह शिवखोड़ी गई थी। दर्शन कर लौटते समय पौनी और शिवखोड़ी के बीच कंडा त्रयाथ इलाके में चंडी मोड़ के पास पहले से घात लगाए आतंकियों ने हमला कर दिया।

200 फीट गहरी खाई में गिरी बस

आतंकियों के तरफ से हुई फायरिंग में बस ड्राइवर अपना संतुलन खो बैठा और लगभग 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। बस के गिरने के दौरान वहां मौजूद अन्य आतंकियों ने पीछे से गोलियां बरसाईं। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को गहरी खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। बस खाई में गिरने के बाद कई लोगों के शव मौके पर पड़े हुए थे। कुछ शव पेड़ पर भी फंसे दिखे। जंगली इलाका होने के कारण बचाव कार्य में परेशानी भी हुई। काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला गया।

पुलिस के अधिकारी भी रियासी से मौके पर पहुंचे। घायलों को पीएचसी पौनी और त्रियाथ ले जाया गया। पौनी में सभी घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल रियासी में रेफर किया गया। इसके अलावा कुछ घायलों को हेल्थ सेंटर भारख में भी लाया गया। हमले में मारे गए चार लोगों के शव पौनी में रखे गए हैं।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now
Madhuri
Madhurihttps://reportbharathindi.com/
पत्रकारिता में 6 वर्षों का अनुभव है। पिछले 3 वर्षों से Report Bharat से जुड़ी हुई हैं। इससे पहले Raftaar Media में कंटेंट राइटर और वॉइस ओवर आर्टिस्ट के रूप में कार्य किया। Daily Hunt के साथ रिपोर्टर रहीं और ETV Bharat में एक वर्ष तक कंटेंट एडिटर के तौर पर काम किया। लाइफस्टाइल, इंटरनेशनल और एंटरटेनमेंट न्यूज पर मजबूत पकड़ है।
- Advertisement -
- Advertisement -

Latest article