Russia Ukraine War: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर दुनिया को एक गंभीर चेतावनी दी है।
व्हाइट हाउस में प्रेस ब्रीफिंग के दौरान ट्रंप ने कहा कि अगर यह युद्ध जल्द नहीं रुका तो यह तीसरे विश्व युद्ध का रूप ले सकता है।
ट्रंप ने बताया कि सिर्फ पिछले महीने ही इस संघर्ष में 25,000 सैनिकों की मौत हुई है। जो हालात की भयावहता को दर्शाता है। उन्होंने इन मौतों पर दुख जताते हुए कहा कि यह हिंसा अब तुरंत बंद होनी चाहिए।
ट्रंप ने कहा मैं यहां हो रही हत्याओं को रुकते हुए देखना चाहता हूं। पिछले महीने लगभग 25,000 सैनिक मारे गए। हम इसे रोकने के लिए बहुत मेहनत कर रहे हैं।
ऐसी चीजें अंत में तीसरे विश्व युद्ध का कारण बन सकती हैं। जब तक दुनिया ऐसे खेल खेलती रहेगी। हम किसी बड़े युद्ध की ओर बढ़ते रहेंगे और यह हम नहीं चाहेंगे।
Russia Ukraine War: रूस-यूक्रेन को लेकर ट्रंप की निराशा
रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के लिए लगातार अपील करने वाले ट्रंप इस बात से काफी निराश हैं कि दोनों देशों में से कोई भी सीजफायर के लिए तैयार नहीं है।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप इस युद्ध की स्थिति को देखकर बेहद चिंतित हैं क्योंकि लगातार बातचीत के बावजूद कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आ रहा।
लीविट ने कहा कि राष्ट्रपति इस युद्ध के दोनों पक्षों से बेहद निराश हैं। वे सिर्फ औपचारिक बैठकों और बातों से तंग आ चुके हैं।
वे कार्रवाई चाहते हैं वे चाहते हैं कि यह युद्ध खत्म हो। ट्रंप प्रशासन शांति प्रयासों में सक्रिय रूप से शामिल है।
10 दिसंबर 2025 को ट्रंप ने यूरोपीय नेताओं के साथ बातचीत की थी और उनके विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और उनकी टीम रूस और यूक्रेन दोनों से लगातार संपर्क में बने हुए हैं।
अमेरिका सुरक्षा समझौते के लिए तैयार
ट्रंप ने कहा कि अगर रूस के साथ किसी सुरक्षा समझौते से युद्ध खत्म होता है तो अमेरिका यूक्रेन की सहायता के लिए तैयार है।
इसका मतलब यह है कि अमेरिका संघर्ष को सुलझाने के लिए काफी हद तक सहयोग देने को तैयार है,
लेकिन ट्रंप ने यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की पर निराशा जताते हुए कहा कि वे अमेरिकी शांति योजना पर इतनी आसानी से सहमत नहीं हुए, जिससे हालात जटिल होते जा रहे हैं।
ट्रंप का कहना है कि अमेरिकी प्रस्ताव से कीव पर सकारात्मक दबाव बन रहा था, लेकिन जेलेंस्की की सहमति न मिलने से यह प्रक्रिया धीमी पड़ गई है।
उन्होंने साफ कहा कि शांति प्रयास तभी सफल हो सकते हैं जब दोनों देश वास्तव में युद्ध रोकने की इच्छा दिखाएं।
दुनिया के लिए नाजुक मोड़
रूस-यूक्रेन युद्ध के लगभग तीन साल से अधिक समय से जारी रहने के बाद अब इसकी विभीषिका चरम पर पहुंच चुकी है।
अमेरिका, यूरोप और दुनिया भर के देश लगातार युद्ध खत्म करने की अपील कर रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थितियां बदल नहीं रही हैं।
ट्रंप की यह चेतावनी इस बात का संकेत है कि यदि युद्ध जल्द नहीं थमा तो यह केवल यूरोप की समस्या नहीं रहेगी, बल्कि पूरी दुनिया के लिए खतरा बन सकती है।
अंतरराष्ट्रीय राजनीति में तनाव बढ़ने के साथ–साथ यह संघर्ष वैश्विक शांति और सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा पैदा कर सकता है।

