Saturday, March 21, 2026

Rajasthan: प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने की पति की हत्या, पुष्कर हाईवे पर कार और ट्रक की भिड़ंत

Rajasthan: जिला कलेक्टर उत्सव कौशल की अध्यक्षता में सोमवार को पंचायत समिति के वीसी कक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं, वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान, योग दिवस,

पंडित दीन दयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा और सड़क सुरक्षा जैसे मुद्दों पर गहन चर्चा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाएं तय समय में पूरी हों और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ मिले।

उन्होंने जनप्रतिनिधियों की भागीदारी और जनजागरूकता बढ़ाने पर भी ज़ोर दिया। एनएफएसए में नाम जोड़ने, आयुष्मान कार्ड वितरण और मानसून पूर्व व्यवस्थाओं को लेकर भी निर्देश जारी किए गए।

Rajasthan: पत्नी ने प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश

खेड़ली कस्बे में पति की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। बाईपास रोड पर 8 जून की रात हुई वीरू जाटव की हत्या की साजिश उसकी पत्नी अनीता और उसके प्रेमी काशीराम ने मिलकर रची थी।

पुलिस के मुताबिक, दोनों ने 2 लाख रुपए की सुपारी देकर चार युवकों को हत्या के लिए तैयार किया और 7 जून की रात घर में घुसकर वीरू की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद पत्नी ने तबीयत खराब होने का नाटक किया, लेकिन शव पर चोट के निशान मिलने से मामला संदिग्ध हो गया।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने अनीता, काशीराम और एक अन्य को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी तीन आरोपी अब भी फरार हैं। पुलिस का कहना है कि अनीता पहले पति को छोड़ चुकी थी,

अब प्रेमी के साथ रहने के लिए अपने मौजूदा पति को रास्ते से हटाना चाहती थी। SHO धीरेंद्र सिंह के मुताबिक हत्या की पूरी साजिश प्रेमी और पत्नी ने मिलकर रची थी।

गंगनहर में पानी की कमी से नाराज़ किसान

श्रीगंगानगर में गंगनहर में सिंचाई पानी की भारी कमी को लेकर किसानों ने कलेक्ट्रेट के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। बड़ी संख्या में किसानों ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया और अपने हिस्से का पूरा पानी देने की मांग की।

धरना स्थल पर पहुंचे श्रीकरणपुर विधायक रूपिंद्र सिंह कुनर ने किसानों का समर्थन किया और महाराजा गंगासिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। मौके पर मौजूद लोगों ने अहमदाबाद विमान हादसे के मृतकों को मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।

विधायक कुनर ने बताया कि भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड ने इस माह गंगनहर के लिए 2500 क्यूसैक पानी निर्धारित किया था, लेकिन फिलहाल केवल 700 क्यूसैक पानी ही उपलब्ध है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों में पानी की आपूर्ति पूरी नहीं की गई, तो धरना और तेज होगा।

पुष्कर हाईवे पर कार और ट्रक की जबरदस्त भिड़ंत

डीडवाना जिला मुख्यालय के पास पुष्कर हाईवे पर देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार कार रहमान गेट की ओर से आ रही थी, जबकि प्याज से भरा ट्रक अलवर की तरफ जा रहा था।

इसी दौरान एक बस के अचानक सामने आ जाने से कार सवार संतुलन खो बैठे और उनकी कार ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक के दोनों टायर अलग हो गए और ट्रक का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में कार में सवार पांच लोगों में से तीन घायल हो गए। घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से राजकीय बागड़ जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार जारी है। मौके पर पुलिस भी पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

डूंगरपुर में वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में चल रहे वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत डूंगरपुर जिले में गुरुवार को मीडिया राउंड टेबल कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला कलक्टर अंकित कुमार सिंह की अध्यक्षता में डीओ आईटी सभागार में संपन्न हुआ।

कलेक्टर सिंह ने बताया कि 5 जून से शुरू हुए इस अभियान के अंतर्गत जिले में अब तक 3,373 गतिविधियाँ आयोजित की जा चुकी हैं, जिनमें करीब 2 लाख लोग सक्रिय रूप से जुड़ चुके हैं। उन्होंने बताया कि जल संरचनाओं के पुर्ननिर्माण, मरम्मत, डिसल्टिंग, और ऐतिहासिक जल स्रोतों की सफाई जैसे कई कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।

इसके साथ ही डूंगरपुर जिला पूरे प्रदेश में पांचवें स्थान पर बना हुआ है। मीडिया की भूमिका को अहम मानते हुए कलक्टर ने पत्रकारों से सुझाव भी मांगे, जिस पर मीडियाकर्मियों ने जल संरक्षण और वृक्षारोपण से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।

सिरोही के रेवदर में बाइक सवार युवकों पर चाकू से हमला

राजस्थान के सिरोही जिले के रेवदर उपखण्ड में कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल उठाता मामला सामने आया है। रविवार रात करीब 8:15 बजे भटाना से भेरुगढ़ जा रहे दो युवकों पर बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। प्रकाश कोली और संजय कोली नाम के ये दोनों युवक बाइक पर सवार थे। तभी दूसरी बाइक पर आए तीन बदमाशों ने पहले उन्हें बेल्ट से मारा, और जब उन्होंने रुककर इसका कारण पूछा तो बदमाशों ने चाकुओं से हमला कर दिया। घटना के बाद घायलों को रेवदर अस्पताल लाया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। परिजनों ने पहले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर घायलों को रेफर करने से इनकार कर दिया था। विधायक मोतीराम कोली के आश्वासन के बाद परिजन माने और फिर घायलों को हायर सेंटर भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सगा भाई, भाभी और प्रेमी ने मिलकर की हत्या

राजस्थान के जालोर जिले के बागोड़ा गांव में एक रिश्तों को शर्मसार करने वाली हत्या का खुलासा हुआ है। नरसीराम की मौत को पहले आत्महत्या बताया गया, लेकिन जांच में सामने आया कि उसकी हत्या उसके सगे भाई दुदाराम, भाभी केली देवी और उनके प्रेमी रणजीत सिंह ने मिलकर की थी। पहले पिटाई, फिर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या की गई और शव को फंदे से लटका आत्महत्या का रूप दिया गया। समाज के दबाव और पुलिस जांच में सच्चाई सामने आई और तीनों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए।

डीडवाना में गर्मी का कहर

डीडवाना जिला मुख्यालय पर बीते पखवाड़े से पड़ रही भीषण गर्मी ने स्वास्थ्य संकट पैदा कर दिया है। तापमान बढ़ने के साथ ही उल्टी-दस्त, पेट दर्द और लू से पीड़ित मरीजों की संख्या में भारी बढ़ोतरी हुई है। राजकीय बांगड़ अस्पताल में मौसमी बीमारियों के मरीजों की भारी भीड़ देखी जा रही है। अस्पताल के आउटडोर में रोजाना 500 से 700 तक मरीज पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों के कमरों के बाहर लंबी कतारें लगी हैं और अस्पताल प्रशासन अलर्ट मोड पर है। अस्पताल की लेब में जांच सुविधाएं बढ़ाई गई हैं ताकि मरीजों की बीमारी का समय पर पता लगाया जा सके। गर्मी का असर अगर ऐसे ही रहा तो अगले कुछ दिनों में मरीजों की संख्या और भी बढ़ सकती है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now
Madhuri
Madhurihttps://reportbharathindi.com/
पत्रकारिता में 6 वर्षों का अनुभव है। पिछले 3 वर्षों से Report Bharat से जुड़ी हुई हैं। इससे पहले Raftaar Media में कंटेंट राइटर और वॉइस ओवर आर्टिस्ट के रूप में कार्य किया। Daily Hunt के साथ रिपोर्टर रहीं और ETV Bharat में एक वर्ष तक कंटेंट एडिटर के तौर पर काम किया। लाइफस्टाइल, इंटरनेशनल और एंटरटेनमेंट न्यूज पर मजबूत पकड़ है।
- Advertisement -
- Advertisement -

Latest article