Rajasthan Assembly: राजस्थान विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर शुक्रवार को सीएम भजन लाल शर्मा ने कांग्रेस विधायकों के हंगामे और नारेबाजी के बीच जवाब देकर विपक्ष को ऐसा आईना दिखाया कि मंत्री और सत्तापक्ष के विधायकों ने मेजें थपथपाकर अपनी खुशी जाहिर की। मुख्यमंत्री जब अपना जवाब दे रहे थे तो कांग्रेस विधायक नारेबाजी कर रहे थे, लेकिन मुख्यमंत्री इससे विचलित नहीं हुए। शोर शराबे के बीच ही उन्होंने करीब 2 घंटे तक अपने प्रभावी भाषण के जरिए सरकार का विजन और मिशन प्रदेश की जनता के सामने रखा। साथ ही कांग्रेस नेताओं पर भी करारे हमले किए। मुख्यमंत्री के भाषण के दौरान सत्तापक्ष ने मेज थपथपाकर अभिवादन किया। भजन लाल ने कहा कि यह नारेबाजी सदन में मुझे बोलने से रोकने के लिए षड्यंत्र है।
Table of Contents
‘किस-किस के पास माल आया उनके पास रिकॉर्ड’
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के भ्रष्टाचार का खुलासा करते हुए कहा कि इन्होंने जल जीवन मिशन (जेजेएम) में काम नहीं किया, केवल भ्रष्टाचार किया। उनके पास सभी का रिकॉर्ड है कि किस-किस के पास माल आ रहा है। उन्होंने कांग्रेस को युवा, किसान और मजदूर विरोधी बताया। साथ ही कहा कि कांग्रेस के पाप का घड़ा भर गया है और अब यह भस्म होने वाली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार का मुख्य उद्देश्य जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाते हुए प्रदेश को खुशहाल व विकसित बनाने का है।
कांग्रेस की 1921 घोषणाएं रहीं अधूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने चुनावी वर्ष 2023-24 में रिकार्ड तोड़ 1426 घोषणाएं कीं, जिनमें से 1002 पूरी नहीं हुईं। कांग्रेस सरकार के 5 वर्ष में कुल 4148 घोषणाओं में से 1921 घोषणाएं पूरी नहीं हुई। इसके विपरीत हमारी सरकार ने जुलाई में पेश किए गए बजट में कुल 1272 बजट घोषणाएं की, जिनमें से 297 पूरी हो चुकी हैं और 488 बजट घोषणाओं के संबंध में काम चल रहा है। हम गरीब और किसान की ओर ध्यान देते हैं, जबकि कांग्रेस ने गरीब किसान की आड़ में राजनीति की है।
एक ही साल में कीं 59 हजार से ज्यादा भर्तियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में हमारी सरकार ने 5 वर्षों में 4 लाख राजकीय नियुक्तियों की घोषणा की थी। एक वर्ष में ही 59 हजार 236 पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। प्रत्येक भर्ती का विस्तृत विवरण डीओपी की वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त 1 लाख 72 हजार 990 पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है। परीक्षाओं में अभ्यर्थियों की सही पहचान सुनिश्चित करने के लिए बायोमेट्रिक प्रणाली लागू की गई है। कॉमन एंट्रेंस टेस्ट की मान्यता अवधि में वृद्धि कर 3 वर्ष कर दी गई है।
कांग्रेस ने चहेतों को खुश करने के लिए जिले बनाए
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि गुटबाजी और चहेतों को खुश करने के लिए गांव को नगर पालिका और नगर पालिका को रातो रात जिला बना दिया गया। कांग्रेस की अदूरदर्शिता के चलते जहां-जहां नए जिले बनाए गए, वहां-वहां जनता ने कांग्रेस को नकार दिया। उन्होंने कांग्रेस पर वित्तीय कुप्रबंधन का भी आरोप लगाया।
यह भी पढ़े: Delhi Election Result Live: दिल्ली में 27 साल बाद BJP वापसी की ओर, कांग्रेस का नहीं खुला खाता, AAP की हार तय