Tuesday, January 13, 2026

Putin-Modi talks: “आतंकवाद के खिलाफ जंग में रूस देगा भारत का साथ…” जानें पुतिन-मोदी के बीच क्या हुई बातचीत?

Putin-Modi talks: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की है। उन्होंने पहलगाम में हुए हमले की निंदा की। भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पोस्ट पर इसकी जानकारी दी है।

रणधीर जायसवाल ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन किया और भारत के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने निर्दोष लोगों की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त की और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत को पूरा समर्थन देने की बात कही।

‘हमले के दोषियों और उनके समर्थकों मिले सजा’

रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने इस बात पर जोर दिया कि इस जघन्य हमले के दोषियों और उनके समर्थकों को न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए। दोनों नेताओं ने भारत-रूस विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने विजय दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर राष्ट्रपति पुतिन को शुभकामनाएं दीं और उन्हें इस साल के अंत में भारत में आयोजित होने वाले वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए आमंत्रित किया। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने वार्षिक उच्च स्तरीय बैठक के लिए भारत आने का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है।

‘बिना किसी समझौते के लड़ाई की जरूरत पर जोर’

दोनों नेताओं ने आतंकवाद के किसी भी स्वरूप के खिलाफ बिना किसी समझौते के लड़ाई की जरूरत पर जोर दिया। मॉस्को क्रेमलिन ने एक बयान में कहा, “पीएम मोदी ने रूस के राष्ट्रपति को वार्षिक द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन के लिए भारत आने का निमंत्रण दिया। निमंत्रण को कृतज्ञता पूर्वक स्वीकार किया गया।”

इसमें कहा गया कि उन्होंने रूसी-भारतीय संबंधों की रणनीतिक प्रकृति पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ये संबंध बाहरी प्रभाव से प्रभावित नहीं हैं और सभी दिशाओं में गतिशील रूप से विकसित होते रहेंगे।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now
- Advertisement -
- Advertisement -

Latest article