उत्तर प्रदेश धर्मांतरण मामला: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है,
जिसमें मोहम्मद बदरुलजमां और उसके साथियों पर एक युवक को करीब दस वर्षों तक बंधक बनाकर रखने, जबरन मजदूरी कराने और उसका मतांतरण कराने का आरोप लगा है।
पुलिस ने मुख्य आरोपित बदरुलजमां को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य नामजद आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
पीड़ित की पहचान सागर जिले के निवासी 40 वर्षीय संतोष शुक्ला के रूप में हुई है। पीड़ित के अनुसार, लगभग 10-12 वर्ष पहले वह छत्तीसगढ़ में एक ढाबे पर काम करता था,
जहां उसकी मुलाकात प्रतापगढ़ के बदरुलजमां, कल्लू, नईम और निजाम जैनुद्दीन से हुई। आरोप है कि इन लोगों ने उसकी आर्थिक स्थिति का फायदा उठाते हुए उसे नौकरी और शादी का झांसा दिया तथा अपने साथ प्रतापगढ़ ले आए।
नाम बदलकर बनाई नई पहचान
पीड़ित का आरोप है कि प्रतापगढ़ लाने के बाद उसका नाम बदलकर शेर खान रख दिया गया। इसी नाम से उसका आधार कार्ड भी बनवाया गया।
युवक का कहना है कि उसे घर में बंधक बनाकर मजदूरी कराई जाती थी और विरोध करने पर मारपीट की जाती थी।
उसने पुलिस को बताया कि उससे जबरन कलमा पढ़वाया जाता था और मांस खाने के लिए भी विवश किया जाता था। जब भी वह अपने घर लौटने की बात करता, तो उसे धमकाया और पीटा जाता था।
आरोपितों के चंगुल से भागने में हुआ कामयाब
उत्तर प्रदेश धर्मांतरण मामला: पीड़ित के अनुसार, उसने कुछ दिन पहले भागने की कोशिश की थी, लेकिन आरोपितों ने उसे पकड़कर फिर मारपीट की।
वह किसी तरह आरोपितों के चंगुल से निकलकर डेरवा पुलिस चौकी पहुंचा और अपना पुराना आधार कार्ड दिखाकर अपनी पहचान संतोष शुक्ला के रूप में बताई।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई। थाना प्रभारी विजयकांत सत्यार्थी ने जांच शुरू की और एक आरोपित को हिरासत में लिया गया।
एएसपी पश्चिमी बृजनंदन राय ने बताया कि बंधक बनाने और मतांतरण के आरोपों में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा फरार आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। यदि किसी संगठित गिरोह की भूमिका सामने आती है तो उससे जुड़े सभी लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही पीड़ित के परिजनों से संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपितों के खिलाफ कानून के तहत कठोर कदम उठाए जाएंगे और पीड़ित को न्याय दिलाने की पूरी कोशिश की जाएगी।
यह भी पढ़ें: मजहबी ने किया हिंदू लड़की को किडनैप, बनारस ले जाकर कराया धर्मांतरण, 3 गिरफ्तार

