नए बर्तन के बदले बेचते हैं पुराना मोबाइल: आज के डिजिटल दौर में मोबाइल फोन केवल बातचीत का साधन नहीं रहा, बल्कि यह हमारी पूरी जिंदगी का डिजिटल रिकॉर्ड बन चुका है।
हमारी तस्वीरें, निजी बातचीत, बैंकिंग डिटेल्स, पासवर्ड और पहचान से जुड़ी अहम जानकारी इसी छोटे से डिवाइस में सुरक्षित रहती है।
ऐसे में जब हम अपना पुराना या खराब मोबाइल किसी फेरीवाले को कुछ बर्तनों के बदले दे देते हैं, तो हमें यह एक सामान्य और फायदेमंद सौदा लगता है,
लेकिन हाल ही में सामने आया एक चौंकाने वाला मामला इस सोच को पूरी तरह बदल देता है।
11 हजार से ज्यादा मोबाइल बरामद
उत्तर प्रदेश और बिहार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक ऐसे संगठित गिरोह का पर्दाफाश हुआ है, जो पुराने मोबाइल फोन के जरिए अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध को बढ़ावा दे रहा था।
यह मामला केवल चोरी या ठगी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आपकी निजी जानकारी और देश की सुरक्षा दोनों के लिए गंभीर खतरा बनकर सामने आया है।
इस पूरे मामले की शुरुआत उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से हुई, जहां 16 मार्च की रात पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रक को रोका। जब ट्रक की तलाशी ली गई, तो उसमें 11 हजार से अधिक पुराने मोबाइल फोन पाए गए, जिनकी कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई।
ट्रक में मौजूद लोगों से पूछताछ के दौरान पुलिस को एक ऐसे नाम का पता चला, जिसने पूरे नेटवर्क की परतें खोल दीं। कटिहार का एक मोबाइल दुकानदार, इस्तार आलम। इसके बाद बिहार और यूपी पुलिस ने मिलकर कार्रवाई की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुराने मोबाइल के बदले नए बर्तन का लालच
पहली नजर में एक साधारण दुकानदार जैसा दिखने वाला यह व्यक्ति दरअसल एक बड़े अंतरराष्ट्रीय साइबर गिरोह का अहम कड़ी निकला। उसने देश के कई राज्यों में एक मजबूत नेटवर्क तैयार कर रखा था।
इस नेटवर्क में शामिल फेरीवाले गली-मोहल्लों में घूमते और लोगों को पुराने मोबाइल के बदले नए बर्तन या घरेलू सामान देने का लालच देते।
अधिकतर लोग, खासकर महिलाएं, इसे एक फायदे का सौदा समझकर अपना पुराना फोन दे देती थीं। उन्हें यह बिल्कुल अंदाजा नहीं होता था कि उनका यह फैसला उनकी निजी जानकारी को खतरे में डाल सकता है।
जब ये फेरीवाले अलग-अलग शहरों से हजारों मोबाइल इकट्ठा कर लेते, तो उन्हें ट्रकों में भरकर कटिहार भेजा जाता था। वहीं पर इन फोन को तोड़ा जाता और उनके अंदर से सबसे अहम हिस्सा, यानी मदरबोर्ड, निकाला जाता।
मोबाइल का यही हिस्सा उसकी असली पहचान और डेटा का केंद्र होता है। फोन चाहे बाहर से टूट गया हो या बंद हो गया हो, लेकिन उसका डेटा पूरी तरह खत्म नहीं होता।
मदरबोर्ड्स चीन और बांग्लादेश के भेजा जाता
इस्तार आलम और उसका गिरोह इसी मदरबोर्ड को अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराधियों तक पहुंचाने का काम करता था। जांच में यह भी सामने आया कि इन मदरबोर्ड्स को चीन और बांग्लादेश के साइबर ठगों तक भेजा जाता था,
जो कंबोडिया, मलेशिया और म्यांमार जैसे देशों में बैठकर बड़े स्तर पर ऑनलाइन ठगी का नेटवर्क चला रहे हैं। आधुनिक तकनीक की मदद से ये अपराधी पुराने और डिलीट किए गए डेटा को भी दोबारा हासिल कर लेते हैं और उसका गलत इस्तेमाल करते हैं।
यह नेटवर्क सिर्फ विदेशों तक सीमित नहीं था। भारत के भीतर भी जामताड़ा जैसे कुख्यात साइबर अपराध क्षेत्रों तक ये मदरबोर्ड पहुंचाए जाते थे।
इसका मतलब यह है कि एक साधारण सा दिखने वाला मोबाइल पार्ट देश और विदेश के अपराधियों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी बन चुका था।
मजदूर के खातें में 45 लाख का लेनदेन
इस पूरे मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू इसका आर्थिक पक्ष है। बाहर से यह कारोबार कबाड़ का लगता है, लेकिन इसके पीछे करोड़ों रुपये का लेनदेन हो रहा था।
पुलिस जांच में एक ऐसे व्यक्ति का बैंक खाता सामने आया, जो खुद को दिहाड़ी मजदूर बताता था, लेकिन उसके खाते में दो साल के भीतर 45 लाख रुपये का लेनदेन पाया गया। यह इस बात का साफ संकेत है कि यह नेटवर्क बेहद संगठित और आर्थिक रूप से मजबूत था।
आज के समय में यह समझना बेहद जरूरी है कि आपका पुराना मोबाइल भी उतना ही संवेदनशील है जितना नया।
अगर वह गलत हाथों में चला जाए, तो आपकी निजी जानकारी लीक हो सकती है, बैंक खातों में सेंध लग सकती है और आपकी पहचान का गलत इस्तेमाल किया जा सकता है।
इसलिए जरूरी है कि हम अपनी डिजिटल सुरक्षा को लेकर जागरूक रहें। किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना फोन देना एक बड़ा जोखिम हो सकता है।
अगर फोन बेचना ही है, तो हमेशा विश्वसनीय प्लेटफॉर्म या अधिकृत दुकानों का ही सहारा लेना चाहिए। फोन बेचने से पहले उसे पूरी तरह फैक्ट्री रिसेट करना चाहिए, हालांकि यह भी पूरी सुरक्षा की गारंटी नहीं है।
यह मामला एक और गंभीर समस्या की ओर इशारा करता है, और वह है ई-वेस्ट मैनेजमेंट की कमी।
भारत में इलेक्ट्रॉनिक कचरे के सही निपटान को लेकर अभी भी जागरूकता की भारी कमी है। लोग छोटे फायदे के लालच में अपनी डिजिटल सुरक्षा को नजरअंदाज कर देते हैं, जिसका फायदा ऐसे अपराधी उठाते हैं।

