Nagpur factory blast: महाराष्ट्र के नागपुर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। रविवार (1 मार्च 2026) की सुबह नागपुर के राउलगांव स्थित SBL Energy Limited में एक जोरदार धमाका हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस दर्दनाक हादसे में अब तक लगभग 20 मजदूरों की मौत की खबर है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
जब धमाके से हिल गया पूरा इलाका । The Horrific Explosion
बताया जा रहा है कि नागपुर जिले की कटोल तहसील के राउलगांव में स्थित एसबीएल एनर्जी लिमिटेड (जिसे पहले स्पेशल ब्लास्ट लिमिटेड के नाम से जाना जाता था) में रविवार की सुबह किसी काल से कम नहीं थी।
सुबह करीब 5:30 से 7:15 के बीच, जब फैक्ट्री में काम शुरू ही हुआ था, तभी डिटोनेटर पैकिंग यूनिट में एक भीषण विस्फोट हुआ।
धमाका इतना तेज था कि इसकी गूंज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई और फैक्ट्री की इमारत का एक हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया।
जनहानि का आंकड़ा और राहत कार्य । Casualties and Rescue Operations
प्रारंभिक रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसे के समय यूनिट के अंदर 30 से ज्यादा मजदूर काम कर रहे थे।
जिनमें से अब तक लगभग 20 मजदूरों की मौत की खबर है। लगभग 18 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें तुरंत नागपुर के सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (GMCH) में भर्ती कराया गया है।
पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें (NDRF/SDRF) मौके पर मौजूद हैं। मलबे में दबे अन्य लोगों को निकालने के लिए युद्धस्तर पर बचाव कार्य जारी है।
DNA टेस्ट से होगी शवों की पहचान । DNA Testing for Identification
जानकारी के अनुसार, विस्फोट इतना जबरदस्त था कि कई शव पूरी तरह झुलस गए हैं, जिससे उनकी शिनाख्त करना मुश्किल हो गया है।
प्रशासन ने मृतकों की सही पहचान सुनिश्चित करने के लिए DNA Test कराने का निर्णय लिया है।
परिजनों के रक्त के नमूने लिए जा रहे हैं ताकि जले हुए शवों का मिलान किया जा सके। अपनों की तलाश में फैक्ट्री के बाहर जुटे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
PM मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया दुख । National Leaders React
देश के के कई नेताओं ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘X’ पर लिखा, नागपुर की फैक्ट्री में हुआ विस्फोट अत्यंत दुखद है। मृतकों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।
उन्होंने PMNRF से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी जनहानि पर दुख व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
महाराष्ट्र सरकार द्वारा मुआवजे का ऐलान । Maharashtra Govt Compensation
राज्य के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।
साथ ही राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक मृतक के वारिस को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है।
स्थानीय प्रशासन और कंपनी के प्रतिनिधि राहत कार्यों में समन्वय कर रहे हैं।
क्या है SBL एनर्जी कंपनी? । Company Background
SBL एनर्जी लिमिटेड औद्योगिक विस्फोटकों की एक प्रमुख निर्माता कंपनी है।
यह कंपनी मुख्य रूप से खनन (Mining) परियोजनाओं के लिए विस्फोटक, डिटोनेटर और अन्य ब्लास्टिंग सामग्री तैयार करती है।
प्राथमिक जांच के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब डिटोनेटर तैयार करने या उनकी पैकिंग की प्रक्रिया चल रही थी। सुरक्षा मानकों में चूक हुई या यह एक तकनीकी खराबी थी, इसकी उच्च स्तरीय जांच जारी है।
लोगों का कहना है कि नागपुर का यह हादसा औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा प्रोटोकॉल की गंभीरता पर सवाल उठाता है।
20 परिवारों के चिराग बुझने के बाद अब जांच का विषय यह है कि रिहायशी इलाकों के पास ऐसी खतरनाक यूनिट्स में सुरक्षा के क्या इंतजाम थे।
यह भी पढ़ें: इजरायल का ईरान पर बड़ा हमला, तेहरान समेत 30 ठिकानों को बनाया निशाना

