JJM Scam: राजस्थान का बहुचर्चित जल जीवन मिशन (जेजेएम) घोटाले में प्रवर्तन निदेशायल (ईडी) की ओर से गुरुवार को गिरफ्तारी का दायरा बढ़ा देने के साथ ही प्रदेश के भ्रष्ट नेताओं और अधिकारियों में खलबली मच गई। गिरफ्तारी की इस कड़ी में ईडी ने गुरुवार रात प्रदेश कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व जलदाय मंत्री महेश जोशी को भी धर लिया। ईडी ने करीब 8 घंटे की पूछताछ के बाद पूर्व मंत्री जोशी को गिरफ्तार किया।
ईडी ने गुरुवार को 900 करोड़ रुपये के जेजेएम घोटाले के मुख्य आरोपी पूर्व मंत्री जोशी को अपने कार्यालय में बुलाया था, जहां लंबी पूछताछ के बाद ईडी ने पूर्व मंत्री जोशी को गिरफ्तार कर लिया। देर रात ईडी के अधिकारियों ने महेश जोशी को गांधी नगर स्थित जज के घर पर पेश किया, जहां से पूर्व मंत्री को 4 दिन के रिमांड पर ईडी को सौंप दिया। इस मामले में ईडी 3 ठेकेदारों सहित 4 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
4 लोगों की पहले हो चुकी गिरफ्तारी
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने भी डेढ़ साल पहले जेजेएम घोटाले के कर्ताधर्ता ठेकेदार पदम जैन, महेश मित्तल और इनके साथी ठेकेदार संजय बड़ाया सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की थी। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की पहल पर एसीबी ने मामले की जांच और तमाम जांच रिपोर्ट ईडी को सौंप दी थी।
इसके बाद ईडी ने अपनी जांच का दयरा बढ़ाते हुए पदम जैन, उसके बेटे सहित महेश मित्तल और संजय बड़ाया को गिरफ्तार कर घोटाले में पूर्व मंत्री महेश जोशी के कारनामों को खुलासा कर दिया। ईडी ने गुरुवार रात घोटाले के मुख्य आरोपी पूर्व मंत्री महेश जोशी को गिरफ्तार कर यह संकेत दे दिया कि अरबों के इस जेजेएम घोटोले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
दोपहर को बुलाया, 8 घंटे चली पूछताछ
ईडी ने कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री महेश जोशी को 900 करोड़ रुपये के जेजेएम घोटाले के मामले पूछताछ के लिए गुरुवार को तलब किया था। इसके चलते मुख्य आरोपी पूर्व मंत्री जोशी गुरुवार दोपहर 1 बजे ईडी मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान ईडी के अधिकारियों ने उनसे घोटाले से जुड़े मामलों में सबूतों के साथ पूछताछ की।
मुख्य आरोपी जोशी ईडी के किसी भी सवाल का संतुष्ट जवाब नहीं दे पाए और ईडी के हर सवाल पर इधर-उधर झांकते नजर आए। ईडी ने इससे पहले भी पूर्व मंत्री जोशी को नोटिस देकर पूछताछ के लिए बुला चुकी थी, लेकिन मुख्य आरोपी किसी ने किसी बहाने ईडी कार्यालय में जाने से बच रहे थे। गुरुवार को उनके घोटाले का खुलासा हो गया, जिसके चलते ईडी ने करीब 8 घंटे की पूछताछ के बाद उनको गिरफ्तार कर लिया। ईडी ने जोशी को पूरे सबूतों के साथ गिरफ्तार करने का दावा किया है।
गिरफ्तार होते ही किया बीमारी का बहाना
ईडी की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस नेता महेश जोशी ने अपनी बीमारी का जिक्र किया। इस पर ईडी के अधिकारी गुरुवार रात गिरफ्तार पूर्व मंत्री जोशी को अपने साथ लेकर एसएमएस अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों के विशेष दल ने उनके स्वास्थ्य की जांच की। इधर, पूर्व मंत्री जोशी ने मीडिया के सामने दिए अपने बयान में कहा कि मेरी पत्नी मरणासन्न स्थिति में है।
उनका कहना था कि ईडी ने पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों के बयान के आधार पर मुझे गिरफ्तार किया है, जबकि मैंने इस घोटाले में एक पैसा भी नहीं लिया। पूर्व मंत्री जोशी ने यह भी कहा कि मुझे कानून पर पूरा विश्वास है।