Thursday, February 5, 2026

Education Budget 2026: आयुर्वेद से लेकर यूनिवर्सिटी टाउनशिप तक, शिक्षा क्षेत्र को मिला नया रोडमैप

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 1 फरवरी 2026 को लगातार नौवीं बार देश का पूर्णकालिक बजट पेश किया.

इस बजट में शिक्षा क्षेत्र को लेकर सरकार की मंशा साफ नजर आई, पढ़ाई को सिर्फ डिग्री तक सीमित न रखकर उसे रोजगार, रिसर्च और इनोवेशन से जोड़ने की तैयारी की गई है. बजट 2026 में आयुर्वेद, फार्मा, डिजाइन, तकनीकी शिक्षा और छात्र सुविधाओं पर विशेष फोकस किया गया है.

आयुर्वेद शिक्षा को मिलेगा नया विस्तार

बजट 2026 में पारंपरिक चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद को मजबूत करने के लिए बड़े कदमों का एलान किया गया है. सरकार देश में 3 नए आयुर्वेद संस्थान स्थापित करेगी.

इसके साथ ही आयुर्वेदिक दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए ड्रग टेस्टिंग लैब्स को अपग्रेड किया जाएगा. सरकार का मानना है कि आयुर्वेद केवल उपचार का माध्यम नहीं, बल्कि रिसर्च और रोजगार का बड़ा स्रोत बन सकता है.


इसके अलावा 3 नए आयुर्वेद कॉलेज खोलने की भी घोषणा की गई है, जिससे छात्रों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलेंगी और देश को ज्यादा प्रशिक्षित आयुर्वेद डॉक्टर मिल सकेंगे.

यूनिवर्सिटी टाउनशिप से बदलेगा कैंपस कल्चर

बजट 2026 की सबसे अहम घोषणाओं में से एक है देश में 5 यूनिवर्सिटी टाउनशिप का विकास.

इन टाउनशिप में शिक्षा, रिसर्च, हॉस्टल, खेल, स्टार्टअप और इनोवेशन से जुड़ी सभी सुविधाएं एक ही परिसर में होंगी.

सरकार का उद्देश्य ऐसा शैक्षणिक माहौल बनाना है, जहां छात्र पढ़ाई के साथ-साथ नए विचारों और उद्यमिता पर भी काम कर सकें.

इसके साथ ही 5 नए विश्वविद्यालय स्थापित करने का भी एलान किया गया है, जिससे उच्च शिक्षा की पहुंच देश के अलग-अलग हिस्सों तक बढ़ेगी.

फार्मा एजुकेशन को मिलेगा बूस्ट

फार्मास्युटिकल सेक्टर को मजबूत बनाने के लिए बजट में 3 नए फार्मा शिक्षा संस्थान खोलने की घोषणा की गई है. इन संस्थानों में दवाओं के निर्माण, गुणवत्ता नियंत्रण और रिसर्च पर खास जोर रहेगा. इससे भारत को वैश्विक फार्मा हब के रूप में और मजबूती मिलने की उम्मीद है.

पूर्वी भारत में खुलेगा नया डिजाइन संस्थान

डिजाइन और क्रिएटिव एजुकेशन को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने पूर्वी भारत में एक नया इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन (IIND) खोलने का एलान किया है. इससे इस क्षेत्र के छात्रों को बेहतर अवसर मिलेंगे और उन्हें पढ़ाई के लिए देश के दूसरे हिस्सों में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

ABGC कंटेंट क्रिएटर लैब की होगी शुरुआत

डिजिटल युग की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने ABGC कंटेंट क्रिएटर लैब शुरू करने की योजना पेश की है. इस योजना के तहत IIT मुंबई के सहयोग से 15,000 माध्यमिक स्कूलों और 500 कॉलेजों में कंटेंट क्रिएशन लैब्स स्थापित की जाएंगी. इन लैब्स में छात्र डिजिटल कंटेंट, गेमिंग, एनीमेशन और आधुनिक टेक्नोलॉजी से जुड़ी स्किल्स सीख सकेंगे.

छात्राओं के लिए हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल

बजट 2026 में छात्र सुविधाओं पर भी खास ध्यान दिया गया है. वित्त मंत्री ने एलान किया है कि उच्च शिक्षा संस्थानों के लिए हर जिले में गर्ल्स हॉस्टल बनाए जाएंगे, जिससे छात्राओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवास मिल सके.

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now
Karnika Pandey
Karnika Pandeyhttps://reportbharathindi.com/
“This is Karnika Pandey, a Senior Journalist with over 3 years of experience in the media industry. She covers politics, lifestyle, entertainment, and compelling life stories with clarity and depth. Known for sharp analysis and impactful storytelling, she brings credibility, balance, and a strong editorial voice to every piece she writes.”
- Advertisement -
- Advertisement -

Latest article