BLA का ऑपरेशन हेरोफ 2.0: पाकिस्तान का बलूचिस्तान प्रांत एक बार फिर भारी हिंसा और तनाव की चपेट में आ गया है।
शुक्रवार, 31 जनवरी को बलूच विद्रोही संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने एक साथ बड़े पैमाने पर हमले कर पूरे इलाके को युद्ध के मैदान में बदल दिया।
BLA का दावा है कि यह हमला उसके अभियान “ऑपरेशन हेरोफ” के दूसरे चरण का हिस्सा है, जिसके तहत एक ही समय पर बलूचिस्तान के 10 अलग-अलग शहरों को निशाना बनाया गया।
10 शहरों में एक साथ हमला
BLA का ऑपरेशन हेरोफ 2.0: BLA की ओर से जारी बयान के अनुसार, उसके लड़ाकों ने बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा समेत नोशकी, माष्टुंग, दलबदिन, कलाट, खारन, ग्वादर, पसनी, टंप और बुलेडा में
पाकिस्तानी सेना और खुफिया एजेंसी ISI के ठिकानों पर हमला किया। संगठन का कहना है कि इन हमलों की योजना पहले से बनाई गई थी और सभी हमले लगभग एक ही समय पर शुरू किए गए।
फिदायीन हमले और सेना के कैंप में घुसपैठ
BLA ने दावा किया है कि क्वेटा, ग्वादर, पसनी, नोशकी और दलबदिन में किए गए हमले फिदायीन (आत्मघाती) प्रकृति के थे।
इन हमलों को BLA की मजीद ब्रिगेड ने अंजाम दिया। संगठन के अनुसार, कई जगहों पर उसके लड़ाके पाकिस्तानी सेना के कैंपों के अंदर तक घुस गए और वहां भारी गोलीबारी हुई।
पाक सैनिकों की मौत का दावा
बलूच लिबरेशन आर्मी का कहना है कि इन हमलों में अब तक 12 से अधिक पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं।
इसके अलावा माष्टुंग और कलाट में BLA के लड़ाकों ने पाकिस्तानी पुलिस की इमारतों पर कब्जा कर लिया और पुलिसकर्मियों को वहां से खदेड़ दिया।
संगठन ने यह भी बताया कि समुद्र की ओर जाने वाले कई अहम हाईवे पर हमले किए गए, ताकि पाकिस्तानी सेना की आवाजाही रोकी जा सके।
BLA के मुताबिक, ऑपरेशन हेरोफ 2.0 को उसके अलग-अलग दस्तों फतह स्क्वाड, मजीद ब्रिगेड, ZIRAB और STOS ने मिलकर अंजाम दिया।
पाक सेना की चुप्पी, हालात तनावपूर्ण
इस पूरे घटनाक्रम पर अब तक पाकिस्तानी सेना या सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
हालांकि स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, सेना और BLA के लड़ाकों के बीच कई इलाकों में अभी भी गोलीबारी जारी है।
खबर है कि इस संघर्ष में 3 BLA लड़ाके भी मारे गए हैं। अकेले क्वेटा में BLA के हमले में 7 पुलिसकर्मियों की मौत की सूचना है।
डिप्टी कमिश्नर को बनाया बंधक
BLA ने नोशकी के डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद हुसैन को बंधक बनाने का भी दावा किया है।
संगठन ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें मोहम्मद हुसैन खुद यह कहते नजर आ रहे हैं कि वह बलूच लड़ाकों की हिरासत में हैं। इस घटना से पाक प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
क्वेटा में सबसे खराब हालात
जानकारी के मुताबिक, सबसे ज्यादा हालात खराब क्वेटा में हैं। यहां BLA के लड़ाकों ने एक बैंक को लूटने के बाद उसमें धमाका किया।
शहर की सड़कों पर हथियारबंद लड़ाके खुलेआम घूमते दिखे और पुलिस के कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। आम लोगों में डर का माहौल है और कई इलाकों में बाजार बंद हो गए हैं।

