Monday, February 23, 2026

भूटान के सोनम येशे ने बनाया रिकॉर्ड, T20 के एक ही पारी में लिए 8 विकेट

भूटान के सोनम येशे ने बनाया रिकॉर्ड: भूटान के 22 साल के युवा खब्बू स्पिनर सोनम येशे ने टी20 क्रिकेट के इतिहास में ऐसा रिकॉर्ड बना दिया है, जो आज तक कोई भी गेंदबाज नहीं बना पाया था।

म्यांमार के खिलाफ खेले गए तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में सोनम ने सिर्फ 4 ओवर में 7 रन देकर 8 विकेट झटक लिए।

इसके साथ ही वे किसी भी स्तर के टी20 क्रिकेट में एक पारी में 8 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं।

म्यांमार की टीम को 45 रन पर समेटा

यह मुकाबला शुक्रवार को भूटान के गेलेफू में खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भूटान की टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 127 रन बनाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी म्यांमार की टीम सोनम येशे की खतरनाक गेंदबाजी के सामने पूरी तरह टूट गई।

म्यांमार की पूरी टीम सिर्फ 45 रन पर ऑलआउट हो गई। सोनम ने लगातार विकेट लेकर मैच को एकतरफा बना दिया।

टी20 क्रिकेट में टूटा पुराना रिकॉर्ड

टी20 क्रिकेट में इससे पहले सबसे बेहतरीन गेंदबाजी का रिकॉर्ड मलेशिया के सिजरूल इदरूस के नाम था। उन्होंने साल 2023 में चीन के खिलाफ 8 रन देकर 7 विकेट लिए थे।

अब सोनम येशे का नाम इस लिस्ट में सबसे ऊपर आ गया है।

पुरुष टी20 क्रिकेट के इतिहास में इससे पहले केवल चार बार ही किसी गेंदबाज ने एक पारी में 7 विकेट लिए थे, लेकिन 8 विकेट लेने का कारनामा पहली बार हुआ है।

सीरीज में सोनम का शानदार प्रदर्शन

यह पूरी सीरीज भूटान के लिए पूरी तरह एकतरफा रही है। सोनम येशे ने अब तक खेले गए 4 मैचों में 12 विकेट झटके हैं।

सीरीज का पांचवां और आखिरी मैच आज खेला जाना है। उनके प्रदर्शन ने भूटान क्रिकेट को नई पहचान दिलाई है।

सोनम येशे का इंटरनेशनल करियर

सोनम येशे ने भूटान के लिए अपना इंटरनेशनल डेब्यू जुलाई 2022 में मलेशिया के खिलाफ किया था।

डेब्यू मैच में ही उन्होंने 16 रन देकर 3 विकेट लिए थे। अब तक वे 34 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 37 विकेट ले चुके हैं।

कम उम्र में इतना बड़ा रिकॉर्ड बनाना उनकी काबिलियत को दिखाता है।

अन्य फॉर्मेट में बड़े रिकॉर्ड

क्रिकेट के दूसरे फॉर्मेट की बात करें तो टेस्ट क्रिकेट में एक पारी में 10 विकेट लेने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के जिम लेकर, भारत के अनिल कुंबले और न्यूजीलैंड के एजाज पटेल के नाम है।

अनिल कुंबले ने साल 1999 में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच में 10 विकेट लिए थे।

वहीं वनडे क्रिकेट में एक पारी में 8 विकेट लेने का रिकॉर्ड श्रीलंका के चामिंडा वास के नाम है, जिन्होंने 2001 में जिम्बॉब्वे के खिलाफ यह कारनामा किया था।

सोनम येशे का यह रिकॉर्ड न सिर्फ भूटान बल्कि पूरे विश्व क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है। आने वाले समय में उनसे और भी बड़े कारनामों की उम्मीद की जा रही है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now
Madhuri
Madhurihttps://reportbharathindi.com/
पत्रकारिता में 6 वर्षों का अनुभव है। पिछले 3 वर्षों से Report Bharat से जुड़ी हुई हैं। इससे पहले Raftaar Media में कंटेंट राइटर और वॉइस ओवर आर्टिस्ट के रूप में कार्य किया। Daily Hunt के साथ रिपोर्टर रहीं और ETV Bharat में एक वर्ष तक कंटेंट एडिटर के तौर पर काम किया। लाइफस्टाइल, इंटरनेशनल और एंटरटेनमेंट न्यूज पर मजबूत पकड़ है।
- Advertisement -
- Advertisement -

Latest article