Thursday, February 12, 2026

Bengaluru Stampede: आरसीबी ने भगदड़ मामले में खटखटाया हाईकोर्ट का दरवाजा

Bengaluru Stampede: बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ की घटना अब कानूनी और सियासी मोड़ ले चुकी है। इस भगदड़ में 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी और दर्जनों घायल हो गए थे।

Bengaluru Stampede: RCB ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया

शुरुआत में यह हादसा केवल अव्यवस्था के कारण माना गया, लेकिन जैसे-जैसे मामले की जांच बढ़ी, इसकी परतें खुलने लगीं। अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने कर्नाटक हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है और खुद पर लगाए गए आरोपों को खारिज करने की मांग की है।

चार संगठनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

इस हादसे के बाद बेंगलुरु पुलिस ने चार संगठनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। इनमें आरसीबी के अलावा कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA), डीएनए एंटरटेनमेंट नेटवर्क्स और बेंगलुरु पुलिस के कुछ अज्ञात अधिकारी भी शामिल थे।

विचार-विमर्श के बाद ही विक्ट्री परेड की घोषणा

RCB ने हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर स्पष्ट किया कि विक्ट्री परेड की योजना बिना प्रशासन की जानकारी या मंजूरी के नहीं बनाई गई थी। याचिका में दावा किया गया है कि RCB ने KSCA, DNA नेटवर्क्स और पुलिस अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श के बाद ही विक्ट्री परेड की घोषणा की थी।

RCB का दावा

याचिका में RCB ने एक और अहम दावा किया है कि उसने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि स्टेडियम में सिर्फ वही लोग प्रवेश कर सकेंगे जिन्होंने टीम की ऑफिशियल वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करवाया था।

टीम ने भीड़ को सीमित रखने की पूरी कोशिश की थी, लेकिन इसके बावजूद हजारों की संख्या में लोग बिना पंजीकरण के स्टेडियम के बाहर जमा हो गए।

विधान सौधा में टीम का सम्मान समारोह

RCB ने यह भी बताया कि 4 जून की सुबह बेंगलुरु पुलिस ने मौखिक रूप से टीम को बताया कि विक्ट्री परेड का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री सिद्धारमैया द्वारा विधान सौधा में टीम के सम्मान समारोह की योजना की जानकारी भी दी गई थी।

याचिका में यह भी जोड़ा गया कि RCB को यह जानकारी समारोह के आरंभ होने के वक्त ही मिली, जब तक स्टेडियम में लोग पहुंच चुके थे।

आधिकारिक सूचना लोगों तक क्यों नहीं पहुंचाई

सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि अगर कार्यक्रम रद्द किया गया था, तो इसकी आधिकारिक सूचना लोगों तक क्यों नहीं पहुंचाई गई? और अगर मुख्यमंत्री स्वयं टीम को सम्मानित करने का ऐलान कर रहे थे, तो भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने क्या कदम उठाए?

RCB के ट्वीट को पेश किया

RCB ने कोर्ट में सीएम सिद्धारमैया के उस ट्वीट को सबूत के तौर पर पेश किया है, जिसमें उन्होंने टीम के सम्मान समारोह की बात कही थी। वहीं, DNA नेटवर्क्स ने भी पुलिस की लापरवाही को हादसे का कारण बताया है।

यह भी पढ़ें: Raja Raghuwanshi Murder Case: मेघालय में सोनम ने की पति की हत्या, फिर खुद लापता होने का किया नाटक

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now
Madhuri
Madhurihttps://reportbharathindi.com/
पत्रकारिता में 6 वर्षों का अनुभव है। पिछले 3 वर्षों से Report Bharat से जुड़ी हुई हैं। इससे पहले Raftaar Media में कंटेंट राइटर और वॉइस ओवर आर्टिस्ट के रूप में कार्य किया। Daily Hunt के साथ रिपोर्टर रहीं और ETV Bharat में एक वर्ष तक कंटेंट एडिटर के तौर पर काम किया। लाइफस्टाइल, इंटरनेशनल और एंटरटेनमेंट न्यूज पर मजबूत पकड़ है।
- Advertisement -
- Advertisement -

Latest article