बागपत में कोहरे का कहर: उत्तर भारत में जारी शीतलहर और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है।
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में (20 जनवरी 2026) मंगलवार सुबह घने कोहरे के कारण एक बड़ा सड़क हादसा हो गया।
दिल्ली–देहरादून कॉरिडोर एक्सप्रेस-वे पर कम दृश्यता के चलते एक के बाद एक 14 वाहन आपस में टकरा गए।
वहीं हादसे के चलते एक कार के परखच्चे भी उड़ गए हैं और यह हादसा मवीकलां गांव के पास हुआ।
कम दृश्यता बनी हादसे की वजह
मिली जानकारी के अनुसार, बागपत जिले के मवीकलां गांव के पास सुबह के समय कोहरा इतना घना था कि सामने की सड़क तक साफ नजर नहीं आ रही थी।
इसी दौरान तेज रफ्तार वाहनों की लंबी कतार आपस में भिड़ गई। टक्कर इतनी भीषण थी
कि एक कार के परखच्चे उड़ गए और कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। गाड़ियों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
राहत की बात यह रही कि इस बड़े हादसे में किसी की जान नहीं गई, हालांकि कई लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने का काम शुरू किया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल किया गया।
कुछ देर तक ठप रहा यातायात
बागपत में कोहरे का कहर: पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
बाद में वैकल्पिक व्यवस्था कर वाहनों को निकाला गया। प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह घना कोहरा और कम दृश्यता बताई गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले रविवार को अमरोहा जिले में भी कोहरे के कारण बड़ा हादसा हुआ था।
नेशनल हाईवे-9 पर शहबाजपुर डोर के पास करीब 12 वाहन आपस में टकरा गए थे, जिसमें 10 से अधिक लोग घायल हो गए थे। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
प्रशासन ने की सावधानी बरतने की अपील
बता दें कि हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
वहीं क्रेन की मदद से हादसे के शिकार वाहनों को को हटाया गया और आवागमन शुरू कराया गया।
उत्तर भारत में लगातार पड़ रहे घने कोहरे को देखते हुए प्रशासन और विशेषज्ञों ने वाहन चालकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
धीमी गति से वाहन चलाने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने और फॉग लाइट का उपयोग करने की सलाह दी गई है, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।

