Friday, March 20, 2026

Ahmedabad Plane Crash: प्लेन क्रैश पर बिलावल भुट्टो ने किया पोस्ट, कहा भारत…

Ahmedabad Plane Crash: अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरने वाला एयर इंडिया का विमान टेकऑफ के कुछ ही पलों बाद क्रैश हो गया। इस फ्लाइट में दो पायलटों और 10 केबिन क्रू समेत कुल 242 लोग सवार थे।

विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। हादसे के बाद घटनास्थल से जो वीडियो सामने आए हैं, वे इस त्रासदी की भयावहता को साफ बयां कर रहे हैं।

एयरपोर्ट से किया टेक ऑफ

एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के अनुसार, फ्लाइट एआई-171 ने दोपहर 1 बजकर 39 मिनट पर अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे 23 से टेकऑफ किया था।

लेकिन रनवे से उठते ही विमान अचानक असंतुलित हुआ और एयरपोर्ट की सीमा के बाहर जमीन से टकरा गया। टक्कर के तुरंत बाद विमान में आग लग गई और घटनास्थल से ऊंचा काला धुआं उठता देखा गया।

पायलट को 8 हजार 200 घंटे उड़ाने का अनुभव

दुर्घटनाग्रस्त विमान अहमदाबाद के मेघानीनगर क्षेत्र में स्थित आईजीपी परिसर के पास गिरा। इस विमान में 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक मौजूद थे।

हादसे के समय विमान को कैप्टन सुमित सभरवाल उड़ा रहे थे, जिनके पास 8,200 घंटे का उड़ान अनुभव था। उनके साथ को-पायलट क्लाइव कुंदर थे, जिनका उड़ान अनुभव 1,100 घंटे का बताया गया है।

पीएम ने जताया दुख

इस दुर्घटना ने देश और विदेशों में संवेदना की लहर पैदा कर दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया और ट्वीट के माध्यम से कहा, “अहमदाबाद में हुई त्रासदी से हम स्तब्ध और दुखी हैं।

यह हृदय विदारक है जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। मैं मंत्रियों और अधिकारियों के संपर्क में हूं जो प्रभावित लोगों की सहायता के लिए काम कर रहे हैं।”

बिलावल ने एक्स पर किया पोस्ट

वहीं, पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी ने भी इस हादसे को लेकर दुख प्रकट किया। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “मैं भारत के लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। यह बेहद दुखद घटना है।”

ब्रिटेन की ओर से भी शोक जताया गया। ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने हादसे को भयावह करार दिया और कहा कि उन्हें पल-पल की जानकारी दी जा रही है।

उन्होंने कहा, “कई ब्रिटिश नागरिकों को लेकर लंदन आ रहे इस विमान का दुर्घटनाग्रस्त होना बेहद दुखद है। मेरी संवेदनाएं यात्रियों और उनके परिवारों के साथ हैं।”

NDRF की टीमें मौजूद

फिलहाल बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। गुजरात पुलिस, दमकल विभाग और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। प्रारंभिक रिपोर्ट्स के अनुसार, तकनीकी खामी इस दुर्घटना की वजह हो सकती है।

हालांकि, जांच अभी शुरुआती दौर में है और सटीक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। इस दुर्घटना ने ना सिर्फ भारत, बल्कि उन देशों को भी गहरे दुख में डाल दिया है जिनके नागरिक इस विमान में सवार थे। अब पूरे देश की निगाहें राहत-बचाव और जांच की प्रगति पर टिकी हैं।

यह भी पढ़ें: Plane Crash, All 242 Died: टेक-ऑफ के तुरंत बाद एयर इंडिया का विमान क्रैश, सभी 242 की मौत, स्थानीय लोग भी हादसे की चपेट…

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now
Madhuri
Madhurihttps://reportbharathindi.com/
पत्रकारिता में 6 वर्षों का अनुभव है। पिछले 3 वर्षों से Report Bharat से जुड़ी हुई हैं। इससे पहले Raftaar Media में कंटेंट राइटर और वॉइस ओवर आर्टिस्ट के रूप में कार्य किया। Daily Hunt के साथ रिपोर्टर रहीं और ETV Bharat में एक वर्ष तक कंटेंट एडिटर के तौर पर काम किया। लाइफस्टाइल, इंटरनेशनल और एंटरटेनमेंट न्यूज पर मजबूत पकड़ है।
- Advertisement -
- Advertisement -

Latest article